संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एक गांव में असामाजिक तत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा का हाथ तोड़कर उसे खंडित कर दिया। जिससे ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। भारी विरोध प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम व सीओ ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। वहीं दूसरी प्रतिमा रखवाए जाने सहित अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के लिए पुलिस को निर्देशित किया। तब कहीं जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
सुमेरपुर क्षेत्र के पत्योरा गांव में भूमानंद इंटर कॉलेज के सामने कुछ माह पूर्व ग्रामीणों ने सदर विधायक के कर कमलों द्वारा आंबेडकर प्रतिमा स्थापित कराई थी। जिसका बीती रात कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने संविधान पुस्तक लिए हाथ को तोड़ दिया। जिसके बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फूट पड़ा। सैकडों की तादात में लोेगों ने विरोध कर अधिकारियों से शिकायत की। लेखपाल सुनील गुप्ता ने बताया कि वह ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद कुुमार मौके पर पहुंचे। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर सदर एसडीएम पवन पाठक व सदर सीओ राजेश कमल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर गुस्सा शांत कराया। प्रधान प्रतिनिधि अरविंद निषाद ने बताया कि उनको सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर पुलिस व अन्य अधिकारियों को अवगत कराया। साथ ही पुलिस को समस्त ग्रामवासियों ने मिलकर तहरीर भी दी है। हलका इंचार्ज प्रमोद यादव ने बताया कि अंबेडकर कमेटी की ओर से तहरीर मिली है।
कहा कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। सदर सीओ राजेश कमल ने बताया कि बाबा साहेब की प्रतिमा में संविधान पुस्तक लिए हाथ को असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया है। कहा कि मौके पर जाकर लोगों समझा बुझाकर शांत कराया गया है। साथ ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के आदेश दिए हैं। बताया कि शुक्रवार को दूसरी प्रतिमा को स्थापित कराया जाएगा।