हमीरपुर। समाधान दिवस पर शनिवार को डीएम डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी व एसपी कमलेश कुमार दीक्षित ने ललपुरा थाने का निरीक्षण कर जनसुनवाई की। अधिकारियों ने शिकायतों का एक सप्ताह के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बीते समाधान दिवस के शिकायतों के निस्तारण के संबंध में फीडबैक लिया। महिला हेल्प डेस्क में प्राप्त शिकायतों के संबंध में संबंधित महिला आरक्षी से पूछताछ कर समय से निस्तारण करने के लिए कहा। साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण के विशेष अभियान का प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय उजनेड़ी में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग जो मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है, अपने बूथों पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाएं।
वहीं, उजनेड़ी के कृषक भारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एसपी ने यातायात जागरूकता से संबंधित छात्र छात्राओं को जानकारी दी। कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट लगाकर निकलें। दो सवारी से अधिक बाइक पर कतई न बैठें। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवनारायण यादव आदि मौजूद रहे।