राठ (हमीरपुर)। राठ-उरई मार्ग पर इटायल गांव के पास पैदल खेतों की ओर जा रहे युवक को किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सरसई गांव निवासी मथुरा प्रसाद लोधी ने बताया राठ-उरई मार्ग पर अमगांव तिगैला के पास उनका कृषि फार्म हाउस है। बुधवार शाम उनके एकलौता बेटे लाखन सिंह (42) घर से पैदल फार्म हाउस के लिए निकले थे। इटायल गांव के पास राठ उरई मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। बताया टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई और शव क्षतविक्षत हो गया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ने बताया उनके नाम पर 14 बीघा जमीन है। जिसमें लाखन खेती किसानी में हाथ बंटाने के अलावा दूध बेचने का काम करते थे। विगत नौ माह पूर्व मृतक की पत्नी शिवकुमारी की बीमारी से मौत हो चुकी है। घटना से मृतका की मां श्यामकुंवर व पुत्र सत्यम (19) व सौरभ (17) व पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल राजेशचंद्र त्रिपाठी ने कहा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएंगी।