सरीला (हमीरपुर)। बेतवा नदी पर 99.9 करोड़ की लागत से नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य धीमा होने से समय सीमा में कार्य पूरा होता नहीं दिख रहा है। एक पिलर अधूरा पड़ा है। पुल की स्पान लॉन्चिंग भी शुरू नहीं हो सकी है।
उरई सड़क पर बेतवा नदी पर सेतु निगम चिकासी-मोहाना पुल के समानांतर नए पुल का निर्माण करा रहा है। इस पुल की लंबाई 700.9 मीटर और चौड़ाई 7.5 मीटर निर्धारित है।
इस वर्ष जून माह तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कराया जाना है। परियोजना के अंतर्गत 13 पियर (पिलर) बनाए जाने हैं। 12 पियर का निर्माण पूरा हो चुका है जबकि एक पियर का काम अभी जारी है। पुल के चार स्पान तैयार किए जा चुके हैं हालांकि उनकी लॉन्चिंग शुरू नहीं हुई है।
एप्रोच मार्ग पर भी अभी मिट्टी भराई का काम चल रहा है। जून के अंत में बारिश शुरू होने से लॉन्चिंग व अन्य निर्माण कार्य प्रभावित हो सकते हैं।