नामांकन दाखिल करने के तीसरे दिन समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में पहुंचे प्रत्याशी जहां पर्चा भरने में व्यस्त नजर आए, वहीं आम जनता जाम में त्रस्त दिखी। रूट डायवर्ट होने के कारण शहर के कई इलाकों की सड़कों पर एक-एक किलोमीटर तक वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए।
गोलघर चौराहे से जुड़ने वाले सभी रास्तों को वन वे कर दिया गया था, जिस कारण ट्रैफिक का सारा दबाव एक ही ओर की सड़क पर गया। इससे भयंकर जाम लग गया। कचहरी से शास्त्री चौक, जिला पंचायत रोड, सदर तहसील, टाउनहाल, सदर अस्पताल वाली रोड, गोलघर रोड तथा चौराहे पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था। इनके साथ लगते दूसरे रास्ते को बंदकर प्रत्याशियों के लिए रास्ता आसान बनाया गया था।
दोनों तरफ से ट्रैफिक एक ही सड़क पर आने से दबाव बढ़ गया। वाहन टेढ़े-मेढ़े फंस गए। आम लोगों के लिए जाम से निकल पाना काफी मुश्किल हो गया। साइकिल सवार, दो पहिया, कार, रिक्शा सभी जाम में फंसे नजर आए। राहगीरों के लिए पैदल चलने का रास्ता भी नहीं था। दोपहर बाद स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ।