गोरखपुर से दिल्ली के लिए एक बार फिर हवाई सेवा प्रभावित हो गई है। करीब साल भर तक बंद रहने के बाद मार्च में शुरू हुई जेट एयरवेज की जेट लाइट फ्लाइट के लंबे समय तक उड़ान नहीं भर पाने की आशंका है। पिछले करीब पखवारे भर से रद्द चल रही यह फ्लाइट पूरे समर शेड्यूल यानी अक्टूबर 2016 तक बंद रहने की उम्मीद है।
ऐसे में अब गोरखपुर से दिल्ली के लिए सिर्फ एयर इंडिया की फ्लाइट की एकमात्र विकल्प बची है। हालांकि कुछ और विमान कंपनियों के गोरखपुर से फ्लाइट सेवा शुरू करने की बात चल रही है। अगर एयरफोर्स ने उन्हें अपनी रजामंदी दे दी तो भविष्य में कुछ दिल्ली के लिए कुछ और विकल्प मिल सकते हैं।
इन प्रयासरत कंपनियों में टाटा की विस्तारा फ्लाइट भी शामिल है। यह बोइंग विमान है जिसमें सीटों की क्षमता अधिक है। अगर एयरफोर्स की तरफ से इसे मंजूरी मिल जाती है तो दिल्ली का सफर काफी आसान हो जाएगा क्योंकि यहां से संचालित जेट लाइट और एयर इंडिया दोनों ही फ्लाइट की क्षमता करीब 70 सीट की ही है।
हालांकि इस विमान के बड़े होने और टर्मिनल की क्षमता अधिक नहीं होने के साथ ही रन-वे पर जगह आदि की दिक्कत की वजह से इस विमान कंपनी को मंजूरी मिलने में दिक्कत आ सकती है।
बता दें कि रन-वे के विस्तार आदि की वजह से पिछले करीब एक साल से जेट लाइट सेवा बंद थी। इस बीच 15 जनवरी से एयर इंडिया की फ्लाइट शुरू होने से दिल्ली जाने वालों को थोड़ी राहत मिली। मार्च से जेट लाइट की फ्लाइट सेवा भी शुरू हो जाने से ये सहूलियत काफी बढ़ गई थी। हाल ही में जेट लाइट ने अपनी सेवा का विस्तार कर सप्ताह में सातों दिन फ्लाइट शुरू कर दी थी मगर पायलट की दिक्कत की वजह से पखवारे भर से यह सेवा रद्द चल रही है।