मोहद्दीपुर उपकेंद्र से जुड़े करीब दर्जन भर मोहल्लों में पांच घंटे बिजली कटी रही। काफी जद्दोजहद के बाद शाम पांच बजे इन इलाकों में आपूर्ति बहाल हो सकी। दोपहर के वक्त बिजली न होने से सैकड़ों की संख्या में लोग परेशान रहे। लोकल फाल्ट की वजह से रोजाना इस तरह की दिक्कत खड़ी हो जा रही है। कहीं ट्रांसफार्मर जल जा रहा है तो कहीं जर्जर तार दगा दे जा रहे हैं।
यही नहीं, कुछ इलाकों में लोड अधिक होने से दिन भर बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहता है। ऐसे में मुख्यमंत्री का महानगर को 22 घंटे बिजली देने का दावा भी धरा का धरा रह जा रहा है। विभाग के मुताबिक दोपहर एक बजे के करीब मोहद्दीपुर के इनकमिंग पैनल में अचानक खराबी आने की वजह से मोहद्दीपुर, कू ड़ाघाट, नंदानगर, सैनिक विहार समेत करीब दर्जन भर मोहल्लों में बिजली गुल हो गई।
पहले तो करीब दो घंटे तक लोग इंतजार करते रहे मगर इसके बाद भी बिजली नहीं आई तो उपभोक्ताओं ने पूछताछ शुरू की। आपूर्ति कब बहाल होगी, महकमे की तरफ से इसकी सही जानकारी नहीं मिल पाने की वजह से लोगों में खासा आक्रोश था।
मोहद्दीपुर के विवेक त्रिपाठी का कहना है कि किस्तों में बिजली मिलती है। यह रोज का हाल है। इसी तरह कूड़ाघाट निवासी अनिल ने बताया कि बिजली चले जाने से घर के सभी सदस्य घंटों परेशान रहे। सबसे बुरा हाल छोटे बच्चों और बुजुर्गों का रहा।