चौरीचौरा में एक किसान की मौत से नाराज ग्रामीणों ने चौरीचौरा सोनबरसा मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि किसान की जमीन का पैमाइश नहीं होने से वह सदमे में था और हार्ट अटैक से मौत हो गई। उधर, जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम चौरीचौरा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। लेखपाल पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण ने जाम समाप्त कर दिया। जाम से करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के मुताबिक स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बघाड़ निवासी बेचू पटवा (50) की जमीन का पैमाइश हुआ था। बेचू का कहना था कि लेखपाल की गड़बड़ी की वजह से उसकी जमीन का कुछ हिस्सा दूसरे में चला गया। एसडीएम मोतीलाल के कोर्ट में उसने वाद दाखिला किया था। जिसपर एसडीएम ने पांच जुलाई को ही पैमाइश करने का आदेश दे दिया। इसके बावजूद लेखपाल ने पैमाइश नहीं किया। इससे बेचू परेशान रहता था। बुधवार की शाम अचानक बेचू दुकान पर बैठे-बैठे ही गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। मौत के बाद ग्रामीण नाराज हो गए और लेखपाल की लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए रास्ता जाम कर दिया।
जाम की सूचना पर सरदार नगर के पूर्व प्रमुख ईश्वर चंद जायसवाल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये का आर्थिक मदद देते हुए इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और ग्रामीणों को समझा बुझाकर रास्ता खाली कराया।