नौसढ़ में शनिवार की रात खेत की तरफ निकली छात्रा के अपहरण का युवकों ने प्रयास किया। शोर सुनकर गांव के लोगों ने युवकों को घेर लिए जिसके बाद वह छात्रा को छोड़कर भागे। घटना से नाराज गांव के लोगों ने नौसढ़ पुलिस चौकी पर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसओ ने कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। पुलिस ने एक नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज किया है।
बेलीपार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी कक्षा नौ की छात्रा है। शनिवार रात आठ बजे खेत की तरफ शौच करने निकली थी। रास्ते में उसे चार युवकों ने घेर लिया। छात्रा का हाथ पकड़कर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। हाथ छुड़ाकर बचने के लिए शोर मचाते हुए वह खेत की तरफ भाग निकली।
400 मीटर तक युवकों ने पीछा कर पकड़ लिया। हाथ-मुंह बांधकर उसे अपने साथ ले जा रहे युवकों को शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घेर लिया। पकड़े जाने के डर से युवक छात्रा को छोड़कर भागे। घटना से नाराज गांव के लोग छात्रा को लेकर नौसढ़ पुलिस चौकी पहुंचे। सिपाहियों के मामला हल्के में लेने पर हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर पहुंचे एसओ बेलीपार आनंद शुक्ला ने कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। छात्रा के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने नौसढ़ के विजय निषाद और तीन ज्ञात लोगों पर छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश का केस दर्ज किया है।