कुसम्ही जंगल में बृहस्पतिवार की रात सागौन की लकड़ी काट रहे तस्करों ने वनकर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों तरफ से करीब आधे घंटे तक हुई फायरिंग के बाद तस्कर भाग निकले। वनकर्मियों ने मौके पर मिली सागौन की लकड़ी, दो तमंचा और आरी को कब्जे में लेकर खोराबार थाने में तीन नामजद समेत छह तस्करों पर जानलेवा हमला कर लकड़ी काटने का केस दर्ज कराया है।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार कुसम्ही जंगल के रजही बीट में मुखबिर ने वन क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र चतुर्वेदी को सागौन की लकड़ी काटने की सूचना दी। वन दरोगा दिनेश चौरसिया, अजित सिंह, जितेंद्र कुमार, चंद्रकेश यादव, डिप्टी रेंजर इम्तियाज के साथ मौके पर पहुंच गए। घेराबंदी करने पर रजही बीट की तरफ से लकड़ी लेकर आ रहे तस्करों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक मुठभेड़ हुई।
लेकिन पकड़े जाने के डर से तस्कर मौके पर ही सात बोटा सागौन की लकड़ी, दो तमंचा, कुल्हाड़ी, आरी और चादर छोड़कर भागे निकले। सामान को कब्जे में लेने के बाद वनकर्मियों ने मामले की जानकारी खोराबार पुलिस को दी। रामगढ़ बीट के वन रक्षक जितेंद्र कुमार ने तीन नामजद समेत छह तस्करों के खिलाफ लकड़ी काटने, जानलेवा हमला करने की तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।