गोरखपुर यूनिवर्सिटी के एनसी हॉस्टल में दुराचार की कोशिश में पकड़े गए दीवान को एसएसपी अनंत देव ने निलंबित कर दिया है। मंगलवार रात को एक छात्र से दुराचार की कोशिश में छात्रों ने एक दीवान की जमकर पिटाई कर दी थी। सीओ कैंट की रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने यह कार्रवाई की।
पुलिस लाइंस में तैनात आर्म्स पुलिस का एक दीवान मंगलवार रात गोरखपुर यूनिवर्सिटी के एनसी हॉस्टल में घुस गया था। छात्रों का आरोप है कि दीवान बीए के एक छात्र से दुराचार की कोशिश कर रहा था। मौके पर जुटे सभी लोगों ने दीवान को पीटना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने पर किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दीवान को हिरासत में ले लिया। लेकिन पिटाई से घायल होने पर जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद उसे छोड़ दिया। सीओ कैंट कमल किशोर ने मामले की जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को दी थी। रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी अनंत देव ने दीवान को बुधवार को निलंबित कर दिया।