पुलिस की गिरफ्त में चोर (बीच में)।
- फोटो : Amar Ujala
छात्रसंघ चौराहे से बोलेरो चोरी कर भाग रहे शातिर चोर को पुलिस ने पकड़ लिया। गाड़ी मालिक ने चोरी करते युवक को देखा तो बाइक लेकर पीछा करने लगा। तभी रास्ते में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी कर ली और चोर गाड़ी के साथ पकड़ लिया गया। पकड़े गए चोर से कैंट पुलिस पूछताछ कर रही है।
कुशीनगर कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के बकरौली निवासी सूरज प्रसाद के परिवार की महिला की तबीयत खराब होने पर वह निजी बोलेरो से छात्रसंघ चौराहा स्थित एक एमआरआई सेंटर पर जांच कराने आए थे। सेंटर के बाहर गाड़ी खड़ी कर सूरज और उनका बेटा मरीज को लेकर अंदर चले गए। थोड़ी देर बाद बेटा बाहर आया तो देखा कि उसकी बोलेरो स्टार्ट है और कोई शख्स उसे बैक कर रहा है।
सूरज का बेटा दौड़ा लेकिन तब तक वह गाड़ी लेकर भागने लगा। पास में ही एक शख्स की बाइक से मदद लेकर वह शोर मचाते हुए पीछा करने लगा। तभी पैडलेगंज चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के दरोगा हरिद्वार सिंह, सिपाही विजेंद्र यादव, कौशल कुमार को शक हुआ और उन्होंने बोलेरो को ओवरटेक कर रोक लिया। पकड़े गए चोर की पहचान बिहार के बगहा निवासी राजेश यादव के रूप में हुई है।
आठ बोलेरो चोरी की बात कबूली
पकडे़ गए चोर राजेश यादव ने पूछताछ में आठ बोलेरो की चोरी की बात कबूल की है। उसने बताया कि बिहार से आकर वह बोलेरो चोरी करने का ही काम करता है। कैंट पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।