वार्ड नंबर 65 पुराना गोरखपुर के पार्षद विजय राज ने सूदखोरों के डर से परिवार के साथ घर छोड़ दिया है। पार्षद ने मंगलवार को एसएसपी लव कुमार को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी ने मामले की जांच सीओ गोरखनाथ को सौंपी है।
एसएसपी को दिए ज्ञापन में विजय राय ने बताया कि वर्ष 2011 में उसने दो लोगों से क्रमश: एक लाख रुपये और दो लाख रुपये का कर्ज दो प्रतिशत ब्याज पर लिया था। वह अब तक दोनों को मूलधन के साथ 14 लाख रुपये दे चुका है। लेकिन दोनों ही 10-10 लाख रुपये की और डिमांड कर रहे हैं।
पार्षद का कहना है कि सूदखोरों के कारण उसका सारा कारोबार चौपट हो गया है। सूद की रकम देते-देते बेटे की इलाज के अभाव में मौत हो गई। एक साल से सूद की रकम लेने के लिए आए दिन दोनों पक्ष उसके घर आकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस कारण उसने परिवार के साथ घर छोड़ दिया है। विजय राज ने बताया कि सूदखोरों का डर इतना बढ़ गया है कि पत्नी और बच्चों के साथ चिलुआताल क्षेत्र में छिपकर रहना पड़ रहा है।
एसएसपी लव कुमार ने मामले के जांच का आदेश एसपी सिटी हेमंत कुटियाल को दिया है। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच सीओ गोरखनाथ को दी गई है। इसमें जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।