बड़हलगंज में बृहस्पतिवार की रात बारात में रुपये के लेनदेन को लेकर डीजे मालिक से दूल्हे के पिता का विवाद हो गया। कहासुनी के होने पर पहुंचे कर्मचारियों ने हाथापाई कर ली। दूल्हे के पिता और रिश्तेदारों ने मौके पर मिले डीजे मालिक के ड्राइवर को पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हाल में साथी उसे लेकर सीएचसी बड़हलगंज पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर मऊ का रहने वाला था। उसके भाई ने दूल्हे के पिता समेत चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया है।
बड़हलगंज, मधुपुर प्रतिनिधि के अनुसार मऊ, घोषी के बोझी गांव निवासी अभिमन्यु के बेटे अनिल की शादी पंडितपुरा छपरा गांव के उग्रसेन की बेटी से तय थी। बृहस्पतिवार को बारात गांव में आई थी। रात 9:30 बजे द्वारपूजा खत्म होने के बाद डीजे मालिक खुशबू घर जाने की तैयारी में जुट गई। खुशबू ने अभिमन्यु से डीजे की तय रकम मांगने लगी। अभिमन्यु ने उसे सुबह हिसाब करने की बात कहकर टाल दिया। डीजे के कर्मचारियों ने रुपये के लिए अभिमन्यु पर दबाव बनाना शुरू कर दिया जिसके बाद बारातियों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
साथियों की पिटाई होता देख डीजे लेकर आया घोषी, अकटहवां का जीप चालक सुनील उर्फ गुच्ची बीच - बचाव करने पहुंच गया। मामला बढ़ने पर बारातियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। सिर में चोट लगने से वह अचेत हो गया। लहूलुहान हाल में कुछ बाराती सुनील को लेकर अस्पताल के लिए निकले लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दूरभाष केंद्र के पास सड़क किनारे छोड़ भाग निकले। आसपास के लोगों के सूचना देने पर पहुंची पुलिस सुनील को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज ले गई जहां डॉक्टर ने मृत घोषित दिया।
सूचना मिलने पर देर रात बड़हलगंज पहुंचे सुनील के भाई जोखू ने दूल्हे के पिता अभिमन्यु यादव, अनूप, लंबू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पीटकर भाई की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
भोर में पहुंची पुलिस
सुनील के मौत की देर रात पुष्टि होने के बाद भी पुलिस भोर में पंड़ितपुरा छपरा गांव पहुंची। तब तक गांव के लोगों को मौत की खबर नहीं हो पाई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शादी का कार्यक्रम संपन्न हो चुका था।