प्रदूषण प्रमाण पत्र देने में 100 रुपये अधिक लेने पर शनिवार की दोपहर आरटीओ ऑफिस में विवाद हो गया। ऑटो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विरोध करते हुए प्रमाण पत्र जारी करने वाले युवक को पकड़ने के साथ ही मशीन कब्जे में ले ली। जानकारी के बाद पहुंचे अधिवक्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। कैंट थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
आरटीओ ऑफिस में आरआई कक्ष के बगल में अपर्णा सेवा संस्थान की तरफ से गाड़ियों की फिटनेस के लिए प्रदूषण की जांच की जा रही है। इसके लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित है। शनिवार की दोपहर एक बजे प्रदूषण की जांच कराने गए ऑटो चालक से संस्थान के कर्मचारी ने प्रमाण पत्र देने के लिए 150 रुपये की मांग की। ऑटो चालक के सूचना देने पर गोरक्षनाथ पूर्वांचल ऑटो ऑपरेटर्स एसोसिएशन प्रदेश उपाध्यक्ष शत्रुघ्न मिश्र, मंत्री सुरेंद्र यादव के साथ पहुंच गए। इन्होने प्रमाण पत्र देने के लिए 100 रुपये ज्यादा मांग रहे कर्मचारी से विवाद होने के बाद जांच मशीन को कब्जे में ले ली। जानकारी मिलने पर 50 की संख्या में टेंपो चालक भी पहुंच गए।
मामले की शिकायत ऑटो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरटीओ परिवर्तन एके गुप्ता और एआरटीओ प्रशासन संदीप जायसवाल से करते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। घटना की जानकारी के बाद आरटीओ परिसर में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। कहासुनी के बाद ऑटो एसोसिएशन के पदाधिकारियों से इनका विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई।
सूचना पर कैंट थाने से पहुंचे सिपाही दोनों पक्षों के लोगों को लेकर कैंट थाने आए। बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। एसओ कैंट श्यामलाल यादव ने बताया कि प्रदूषण प्रमाण पत्र देने में 100 रुपये ज्यादा लेने पर विवाद हुआ था। थाने में दोनों पक्षों के लोगों ने सुलह कर ली।
भ्रष्टाचार के खिलाफ करेंगे आंदोलन
गोरक्षनाथ पूर्वांचल ऑटो ऑपरेटर्स एसोसिएशन के प्रदेश मंत्री शत्रुघ्न मिश्र ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऑटो चालक निर्णायक लड़ाई लडे़गे। आरटीओ ऑफिस में लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस टेस्ट देने की जा रही वसूली की शिकायत राज्यपाल, केंद्रीय परिवहन मंत्री, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर से करेंगे। घटना के बाद ऑटो चालकों ने नगर निगम पार्क में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। बैठक में जीके द्विवेदी, सुरेंद्र यादव, स्वामीनाथ खरवार, विजयपाल सिंह, अभय यादव, राजेश शर्मा, बबलू वर्मा मौजूद रहे।