बेकाबू कार की चपेट में आने ने घायल हुए देवरिया लार के युवक ने शनिवार को पीजीआई ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में घायल तीसरे युवक की हालत खतरे से बाहर है। घटना के दूसरे दिन भी पुलिस कार मालिक के बारे में पता नहीं लगा पाई। नंबर के आधार पर यह कार धर्मशाला बाजार निवासी प्रमोद कुमार की है।
पैड़लेगंज पुलिस चौकी के पास शुक्रवार की रात 11 बजे सर्किट हाउस की तरफ से आ रही बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटर सवार युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में शाहपुर गायत्री नगर के रहने वाले अनुज पांडेय की मौत हो गई थी। देवरिया, लार के रहने वाले आयुष सिंह (25) और दरगहिया के सुजीत सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद कार छोड़कर चालक फरार हो गया था। पुलिस ने आयुष और सुजीत को जिला अस्पताल पहुंचाया था। गंभीर हाल में आयुष को लेकर परिवार के लोग पीजीआई जा रहे थे शनिवार की भोर में उसकी मौत हो गई।
दोपहर में थाने पहुंचे उसके चाचा तारामंडल सिद्धार्थ इन्क्लेव निवासी विजय प्रताप सिंह ने कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया। अनुज के पिता विनोद पांडेय ने भी कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक बेटे की बाइक में टक्कर मारने की जानकारी देते हुए केस दर्ज कराया है। कैंट पुलिस कार चालक के बारे में जानकारी नहीं जुटा पाई है।