गोरखपुर। विश्वविद्यालय से संबद्ध देवरिया के राम गुलाम राय पीजी कॉलेज और बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कॉलेज में छापा मारकर गोरखपुर एसटीएफ ने शुक्रवार को सामूहिक नकल का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में बड़े पैमाने पर नकल सामग्री बरामद की गई है। प्राचार्य सहित 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बीए, बीएससी प्रथम वर्ष के मैथमेटिक्स का पहला प्रश्नपत्र 17 अप्रैल को लीक हो गया था। इसके बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा निरस्त कर दी थी। यही परीक्षा शुक्रवार को दोबारा गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया के अलग-अलग केंद्रों पर कराई गई। पहले से मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ के एसपी अरविंद चतुर्वेदी और इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह की टीम ने शुक्रवार को सुबह से ही देवरिया में डेरा डाल दिया। परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही अलग-अलग टीमों ने दोनों कॉलेजों पर छापा मारा। इस दौरान बड़ी मात्रा में नकल सामग्री बरामद की गई। गाइडों की मदद से इमला की तरह बोलकर नकल कराने का तथ्य सामने आया। इसके लिए बाहरी शिक्षकों की मदद भी ली गई थी। एसटीएफ ने दोनों कॉलेजों के केंद्राध्यक्ष सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ जारी है। वहीं गोरखपुर और कुशीनगर के भी कई कॉलेजों में छापेमारी की बात सामने आई है।