खजनी के व्यापारी देवनाथ कसौधन से रंगदारी मांगने के आरोपी संदीप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संदीप सपा जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव की गाड़ी चलाता था। आरोपी ने व्यापारी के मोबाइल पर फोन कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
शुक्रवार को पुलिस लाइंस में एसपी साउथ ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी ने घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया कि गुुरुवार को खजनी क्षेत्र के रामपुर पांडेय निवासी गांव में किराना व्यापारी देवनाथ के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात बदमाश अमरजीत यादव बताया था और दो दिन के अंदर पांच लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद ही घबराए देवनाथ ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस केस दर्ज कर नंबर के आधार पर जांच कर रही थी। सर्विलांस की मदद से एसओ खजनी नासिर हुसैन ने भर्रोही निवासी संदीप यादव को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल व सिम बरामद कर लिया है।
आपसी विवाद के चलते फोन पर किसी से गाली गलौच हो गयी थी। पुलिस ने फर्जी केस कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
- प्रह्लाद यादव, जिलाध्यक्ष, सपा