स्कूल के निदेशक, प्रिंसिपल व बैंक कर्मी पर केस
कर्मचारियों के नाम से खाता खोलकर रुपये के लेनदेन का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। नाहरपुर स्थित हॉलमार्क वर्ल्ड स्कूल के निदेशक अनिल खट्टर, उनकी पत्नी और प्रिंसिपल मोनिका खट्टर के साथ एसबीआई झुगिया बाजार के कर्मचारी पर धोखाधड़ी, जालसाजी के आरोप में केस दर्ज किया गया है। गुलरिहा पुलिस के मुताबिक इन पर विद्यालय के पूर्व व वर्तमान कर्मचारियों के नाम से बैंक में खाता खोलकर लाखों रुपये के लेनदेन किए जाने का आरोप है। सीएम कैंप कार्यालय से जांच कर कार्रवाई के निर्देश मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की गई।
गुलरिहा के बरौली निवासी मुन्नर के मुताबिक वह विद्यालय में बस चालक के रूप में कार्यरत थे। पिछले साल उनको आयकर विभाग से मिली नोटिस में एसबीआई झुगियां बाजार में उनके खाते में 10 जनवरी 2009 से 31 दिसंबर 2011 के बीच 55.85 लाख रुपये के लेनदेन होने की जानकारी देकर उसका विवरण मांगा गया था। मुन्नर ने उसकी जानकारी साथी कर्मचारियों को दी। पिपराइच क्षेत्र के मिश्रौली टोला निवासी राजू निषाद भी इसी विद्यालय में वर्ष 2009 से 2011 के बीच बस चालक थे। विद्यालय ने उनका भी खाता एसबीआइ झुगियां बाजार में खोलवाया था। हालांकि उनका वेतन नकद ही मिलता था। मुन्नर को नोटिस मिलने का पता चलने पर राजू व तीन अन्य कर्मचारियों ने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो जनवरी 2009 से दिसंबर 2011 के बीच उनके भी खातों से लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली। पांचों कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से गुलरिहा थाने में और फिर अधिकारियों से शिकायत की थी।
0000000000000000