पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर के फातिमा अस्पताल जाने वाले बाईपास पर सोमवार की सुबह बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उसके नीचे दबने से कुशीनगर निवासी सिकंदर (40) की मौत हो गई, जबकि मजदूर श्रीराम घायल हो गए। ट्रक जब पलटा, उस वक्त सिकंदर सड़क के किनारे तख्त पर सो रहे थे। घायल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
श्रीराम चौराहा पर भाजपा नेता दयानंद शर्मा की आरामशीन है। उसकी पास ही लकड़ी की खिड़कियों और चौखट की दुकान है। दुकान पर काम करने वाले बढ़ई सिकंदर और मजदूर बाहर सड़क किनारे तख्त पर सोए हुए थे। उसी बीच पादरी बाजार की तरफ से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक ने खजांची चौराहा की तरफ से आ रही कार को बचाने की कोशिश की थी। उसी वजह से ट्रक पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से सिकंदर की जान चली गई। वह कुशीनगर के कप्तानगंज के पचार गांव के निवासी थे। वहीं घायल श्रीराम विश्वकर्मा भी उसी जिले के खड्डा के निवासी हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को हटवाया। बालू के नीचे दबे श्रीराम को बाहर निकलवाकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।