दहेज हत्या में सास, ससुर को जेल
पनियरा। दो नवंबर को हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ससुर, सास, देवर, ननद के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने सास व ससुर को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है
थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रजौड़ा खुर्द निवासी रामसेवक यादव ने 2008 में बेटी पुनीता यादव (25) की शादी ग्राम भवानीपुर टोला बजरिअहवा उदयभान यादव के साथ की थी। बीते 2 नवंबर को पुनीता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। आरोप है कि सुसराल पक्ष के लोग दहेज के लिए पुनीता का उत्पीड़न करते थे। थानाध्यक्ष राजप्रकाश सिंह ने बताया कि सास, ससुर, देवर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर रविवार को सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापे की कार्रवाई की जा रही है।