कैंपियरगंज में चाचा ने भतीजे पर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इसके पहले भतीजों ने चाचा की पिटाई की थी। घटना मोहनाग गांव में हुई। पुलिस ने घायल युवक के भाई मनजीत यादव की तहरीर पर चाचा बलिराम यादव के खिलाफ हत्या की कोशिश, धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
मोहनाग गांव निवासी बलिराम यादव ने अपने हिस्से की जमीन का कुछ अंश बेच दिया था। बेची गई जमीन के खरीदार बलिराम के भाई परशुराम भी थे। पर बलिराम ने अपने भाई को जमीन नहीं दी थी। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच आपस में आए दिन कहासुनी होती थी। होली वाले दिन शाम को शराब के नशे में आए बलिराम को परशुराम के बेटे दरवाजे पर ही पीटने लगे।
पिटाई के दौरान बलिराम यादव घर के अंदर गया और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू लाकर भतीजा सुजीत यादव (18) के ऊपर प्रहार कर दिया। चाकू सुजीत के पेट में लगा और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। प्राथमिक उपचार के बाद सुजीत को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।