ग्रामीण ने तमंचे से छत पर कमरे में सो रही युवती की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। परिवारीजनों के पहुंचने पर युवक धमकी देते हुए भाग गया। अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष ने घटना स्थल पर जांच-पड़ताल की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के एक युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। परिवारीजन हत्या की वजह पुराना विवाद बता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रेम-प्रसंग के बिंदु पर भी जांच कर रही है। फिलहाल गांव के दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी परवेज खां की पुत्री शर्मिला (19) कक्षा आठ तक पढ़ाई करने के बाद घर पर रहती थी। पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह शुक्रवार रात घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। मकान के निचले हिस्से में पुत्र हफीज और उसकी पत्नी फातिमा बेगम सो रही थी। शर्मिला छत पर कमरे में अकेली सो रही थी। रात करीब 1.30 बजे गोली चलने पर पिता और भाई मौके पर पहुंचे। मौके पर गांव निवासी इंद्रेश खड़ा था। उसके हाथ में तमंचा था। पुत्री के दो गोली मारी गई थी। आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो वह धमकी देते हुए छत से कूद कर भाग गया। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार त्रिपाठी मौके पर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता परवेज खां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के युवक इंद्रेश शाक्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। शनिवार की सुबह एएसपी त्रिभुवन सिंह और सीओ नरेश कुमार गांव पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। आरोपी की पकड़ने के लिए पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। एसओ ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। एसओ ने बताया कि मृतका के परिवारीजन हत्या की वजह पुराना विवाद बता रहे हैं, जबकि ग्रामीणों से पूछताछ के बाद प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है। बताया कि पूछताछ के लिए गांव के एक व्यक्ति व मृतका के परिवार के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हत्याकांड का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।