गोरखपुर। कानपुर की युवती ने पति अनित, उसके भाई, बहन और मां के खिलाफ कैंपियरगंज थाने में दहेज उत्पीड़न, गर्भपात कराने और घरेलू हिंसा की धाराओं में केस दर्ज कराया है।
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के जनता नगर कॉलोनी निवासी बलवीर सिंह भदोरिया की बेटी रश्मि भदोरिया के मुताबिक नोएडा में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात कैंपियरगंज के मीरहीरिया गांव निवासी अनित से हुई थी। प्रेम संबंध होने पर 2016 में मंदिर में शादी की। फिर कोर्ट मैरेज भी हुआ। दोनों नोएडा के सेक्टर 66 में किराए का मकान लेकर रहने लगे। गर्भ ठहरने पर अनित लिंग जांच के लिए लेकर गया। आरोप है कि जांच में लड़की होने की पुष्टि होने पर घर लाकर मारपीट की, जिससे गर्भपात हो गया। इसके बाद अनित गोरखपुर चला आया और दूसरी शादी करने की तैयारी करने लगा। शादी का कार्ड बंटने के बाद रश्मि को इसकी जानकारी हो गई। मंगलवार को पुलिस ने रश्मि की तहरीर पर पति अनित, उसके भाई अमरनाथ, अमित, बहन रीता और मां के खिलाफ केस दर्ज किया।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।