गोरखपुर। बेलघाट इलाके के साहूखोर निवासी केदार शर्मा की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक प्रेमिका राधिका ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या कराई थी। राधिका का प्रेम संबंध दूसरे युवक से हो गया था, जिस वजह से उसने हत्या की साजिश रची थी। पुलिस सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी शलभ माथुर ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि केदार की हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर फेंका गया था। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर पहले बड़हलगंज के एक शख्स को पकड़ा। उसने हत्या करने की बात कबूल करते हुए चार साथियों के भी नाम बताए, लेकिन जब पुलिस ने साक्ष्य जुटाना शुरू किया तो उसकी बात गलत निकली। पुलिस जांच कर रही थी कि इसी बीच मुखबिर ने सोपाईघाट के बाद हत्या के संबंध लोगों के बात करने की जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच कर महिला समेत चार लोगों को पकड़ा। पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली। बड़हलगंज का गुड्डू मोबाइल फोन चुराया था। राधिका बीए में पढ़ाई कर रही है। पूछताछ में राधिका ने बताया कि उसका संबंध केदार से था। इसी बीच उसकी पहचान फिदा हुसैन से हो गई। केदार शराब के नशे में उसके घर में घुस जाता था। इस वजह से वह उससे आजिज आ गई थी। घटना वाले दिन केदार शादी में जा रहा था। उसी दौरान उसे बुलाया गया और फिर शराब पिलाकर लाठी-डंडे से पीटकर उसकी जान ले ली गई। हत्या में शामिल राधिका, फिदा हुसैन, राम सिंह, राजकुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।