कौवाबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार को लूट में असफल होने पर बाइक सवार बदमाशों ने रेलकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। यही नहीं, घायलावस्था में रेलकर्मी ने रेलवे क्वार्टर में एक घर में दस्तक देकर मदद मांगी पर संबंधित ने दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने रास्ते से गुजर रहे पीआरवी के जवानों से मदद मांगी पर थाने जाने की सलाह देकर पुलिस वाले भी चलते बने।
शाहपुर में पीएसी बिछिया कैंप के निवासी वाले सूर्यकांत भारती रेलवे में अवर लेखा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार की सुबह वह टहलने निकले थे। जब वह रेलवे क्रॉसिंग पार कर जीएम कार्यालय की ओर जा रहे थे तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। पीछे बैठा युवक तमंचे से डराकर मोबाइल छीनने लगा, लेकिन सूर्यकांत ने बदमाश का हाथ मोड़ दिया और शोर मचाने लगे। साथी को छुड़ाने के लिए दूसरे बदमाश ने चाकू से उनके बाएं हाथ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। पकड़ ढीली होने पर साथी को छुड़ाकर बदमाश फरार हो गए।
सूर्यकांत ने कुछ दूरी पर रेलवे क्वार्टर में मदद के लिए दस्तक दी। एक व्यक्ति बाहर भी निकला लेकिन उनके हाथ से खून निकलता देख उसने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया। वह पैदल कौवाबाग पुलिस चौकी की ओर जा रहे थे। उन्होंने उधर से गुजर रही पीआरवी को रोका, लेकिन वे थाने जाने की सलाह देकर चलते बने। चौकी जाने पर पुलिस वालों ने उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया।