गोरखपुर। कैंट क्षेत्र के गोपलापुर में सोमवार की रात आईपीएल के मैच में जीत -हार के लिए लगी शर्त की रकम के लेनदेन में विवाद हो गया। मारपीट के दौरान मनबढ़ ने चाकू से हमला कर बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की हत्या कर दी। इस दौरान तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सुजीत को डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में लगी है।
गोपालपुर निवासी सुजीत (23) ने बगल की कॉलोनी रसूलपुर में रहने वाले अमन सिंह से आईपीएल मैच में हार-जीत की बाजी लगाई थी, जिसमें सुजीत हार गया। अमन उससे रकम की मांग करने लगा। सोमवार की रात अमन चार अन्य साथियों के साथ सुजीत के घर पहुंचा। आरोप है कि कहासुनी होने पर पहुंचे सुजीत के चचेरे भाई नितराज ने अमन को डांटकर भगा दिया। इसके कुछ देर बाद अमन साथियों के साथ दोबारा आया और सुजीत से विवाद करने लगा। इस बीच उसने चाकू निकाल लिया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोस के 25 वर्षीय रोहित ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो अमन ने चाकू से रोहित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन जख्मी हो गई।
इस दौरान सुजीत की आंख, रोहित के छोटे भाई मुन्ना और मोहल्ले के दीपक के कंधे पर चोट आई। वारदात को अंजाम देने के बाद अमन और उसके साथी फरार हो गए। पुलिस सभी को जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने रोहित और सुजीत को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जहां रोहित की मौत हो गई। सुजीत की हालत गंभीर देख उसे केजीएमयू रेफर किया गया। मुन्ना की तहरीर पर कैंट पुलिस ने अमन, उसके दोस्त छोटू, आकाश, जय व सार्थ पर हत्या, हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज किया है।
आईपीएल में हार-जीत में लगाई गई रकम को लेकर विवाद के दौरान चाकूबाजी हुई है। इसमें एक युवक की मौत हो गई। केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
- शलभ माथुर, एसएसपी