धानेपुर (गोंडा)। मुजेहना ब्लॉक के पूरे सिधारी गांव में जलभराव की खबर छपने के बाद बीडीओ हरकत में आए हैं। खबर को संज्ञान में लेकर बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों को जलभराव वाले गांवों की जांच करने का निर्देश दिया है, और इन गांवों का स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए इसकी रिपोर्ट तलब की है।
बीते दिनों मूसलाधार बरसात के चलते पूरे सिधारी गांव में जलभराव हो गया था। गांव में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से गांव के कई घरों में पानी घुस गया था। गृहस्थी पूरी तरह से पानी में डूब गयी थी। जलपान की समस्या से निदान के लेकर गांव के लोगों ने प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों की इस समस्या को अमर उजाला ने 30 जुलाई के अंक में घरों में घुसा पानी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन शीर्षक के साथ प्रमुखता से छापा था।
खबर छपने के बाद बीडीओ आकाश सिंह ने इसका संज्ञान लेते हुए ब्लाक के सभी 62 गांवों की रिपोर्ट मांगी है। पंचायत सचिवों को जारी किए आदेश में बीडीओ ने कहा है कि सभी पंचायत सचिव अपने अपने प्रभार वाले गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर लें, और यदि कहीं किसी गांव में इस तरह की जलभराव वाली समस्या है तो तत्काल निस्तारण कराकर जलनिकासी की प्रबंध करें। बीडीओ ने बताया कि सभी पंचायत सचिवों से गांव का स्थलीय निरीक्षण कर उनसे रिपोर्ट मांगी गई है। पूरे सिधारी गांव में जलनिकासी की व्यवस्था के लिए पंचायत सचिव खेमराज को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।