नवाबगंज/बभनान (गोंडा)। रक्षा बंधन पर भाई को राखी बांधने के लिए घर से निकली महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं छपिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत हो गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के खरगूपुर ग्राम पंचायत के मोहनपुरवा गांव की निवासिनी शिवपती (45) पत्नी राम प्रताप सिंह रविवार को पति के साथ बाइक से मायके उमरी बेगमगंज जा रही थी। नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर परिसया गांव के पास उनके पति ने बाइक को सड़क किनारे रोक दिया और लघुशंका के लिए चले गए। बाइक के पास उनकी पत्नी शिवपती खड़ी थी। तभी तरबगंज की ओर से आलू लाद कर जा रहा ट्रक वहीं पर पलट गया। इससे शिवपती की ट्रक के नीचे दबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और राखी की खुशियां मातम में बदल गईं।
दूसरी ओर मसकनवा-बभनान मार्ग पर छपिया थाना क्षेत्र के करमा गांव के समीप अज्ञात वाहन की ठोकर से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची छपिया पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौर थाना क्षेत्र के उनियार गांव निवासी सूरज पुत्र परशुराम (20) रविवार को अपने ननिहाल छपिया थाना क्षेत्र के तालागंज ग्रांट गांव से घर आ रहा था।
अभी वह मनकापुर बभनान मार्ग पर कर्मा गांव के निकट पहुंचा था कि अज्ञात वाहन की ठोकर से मोटरसाइकिल लेकर सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी छपिया पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बभनान कन्हैया दीक्षित शव शिनाख्त में जुट गए बाद में मोबाइल में मिले नंबरों के आधार पर उसकी पहचान की गई। थानाध्यक्ष छपिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।