गोंडा। झाड़फूंक के चलते एक युवती की मौत हो गई। मृतका के पिता ने कोतवाली में झाड़ फूंक करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बक्सरा आज्ञाराम मजरा राजा सीर निवासी पलटू राम पुत्र जगराम ने बुधवार को कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि उसकी पुत्री अलका देवी(19) की बीते 4-5 दिन से तवियत खराब थी।
जिसे जिला मुख्यालय पर एक निजी अस्पताल में इलाज करवाया गया। आराम न मिलने पर जिला अस्पताल में भी उसका उपचार करवाया गया। चिकित्सीय परीक्षण में कोई बीमारी नहीं मिली।
इसी कारण से लखनऊ रेफर कर दिया गया लेकिन घर वाले लड़की को वापस घर लेकर चले आये। जहां मंगलवार की रात में उसकी मृत्यु हो गई। पलटू राम का आरोप है कि घर के बगल रह रहे राजकुमार मौर्या से कुछ दिन पहले अपनी पुत्री का झाड़फूंक कराया था तभी से उसकी लड़की की तबियत खराब हुई, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई है।
कोतवाल श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाई की जायेगी।