परसपुर (गोंडा)। प्रेरणा पोर्टल पर छात्रों के नामांकन की फीडिंग नहीं हो पा रही है। इस कारण बीते दिनों बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोक दिया है। फीडिंग न होने के पीछे ब्लॉक स्तर पर डेटा इंट्री ऑपरेटर की व्यवस्था न करना था। बजट भी तय था, लेकिन बीआरसी पर लापरवाही हुई। परसपुर की भी बीईओ का वेतन रुक गया। अब उन्होंने ऐसे विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का वेतन रोक दिया है, जिन्होंने एक भी नामांकन फीड नहीं किया। ऐसे में करीब 97 विद्यालयों के दो सौ से अधिक शिक्षकों के वेतन रोकने की संस्तुति की है।
बीआरसी में फीडिंग की व्यवस्था न करके शिक्षकों पर कार्रवाई करने पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आक्रोश जताया है। संगठन ने मांग की है कि राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा ने शैक्षिक सत्र 2021-22 में यू- डायस, प्रेरणा पोर्टल पर नवीन नामांकन की फीडिंग एवं आधार प्रमाणीकरण डेटा एंट्री के लिए ब्लॉक पर तीन एंट्री ऑपरेटर खुले बाजार से तीन माह रखकर कार्य कराएं। ऐसा नहीं किया गया और अब शिक्षकों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
ड्ढ/द्मद्भ] संगठन के प्रतिनिधि मंडल में इंद्रप्रताप सिंह ब्लॉक अध्यक्ष, तिलकराम वर्मा, उपेंद्र कुमार सिंह, नंदकुमार सिंह, कन्हैया बख्स सिंह रहे। खंड शिक्षा अधिकारी परसपुर फिजा मिर्जा ने बताया कि जिन विद्यालयों में नामांकन हो रहा है। जिन जिन विद्यालयों ने प्रेरणा पोर्टल पर फीडिंग नहीं की है उनका वेतन बाधित करने की संस्तुति की गई है।