बीएसए के निर्देशन में सोमवार को ब्लाक मुख्यालयों पर नए शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा पुस्तिका जमा करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 29 हजार व 72 हजार की भर्ती में आए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी सेवा पुस्तिका जमा की।
जिले के शिक्षक-शिक्षिकाओं को दूरदराज से जिला मुख्यालय कार्यालय पर आने में काफी समस्याएं होती थीं। शिक्षकों की अनुपस्थिति में स्कूल बंद न हो और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसको देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ब्लॉक मुख्यालयों पर शिविर लगाकर सेवा पुस्तिका जमा करने का आदेश जारी किया था।
सोमवार को छपिया, नवाबगंज, तरबगंज, पंडरीकृपाल, मुजेहना, रुपईडीह, इटियाथोक व नगर क्षेत्र में दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। वहीं, 26 व 27 अप्रैल को बभनजोत, बेलसर ब्लॉक में, 26 अप्रैल को बीआरसी बेलसर व 27 अप्रैल को अमदही, बीआरसी परसपुर, कर्नलगंज, हलधरमऊ व कटरा बाजार में शिविर आयोजित कर सेवा पुस्तिका जमा कराई जाएगी।
बीआरसी झंझरी पर सोमवार को बीआरसी कर्मियों के जिलाधिकारी की चौपाल में जाने के कारण यहां मंगलवार को शिविर का आयोजन किया जाएगा। पंडरीकृपाल के खंड शिक्षा अधिकारी व बीआरसी गजेंद्र सिंह ने बताया कि शिविर में प्राथमिक सेक्शन में शकुंतला सिंह व जूनियर सेक्शन में किरन सिंह को सेवा पुस्तिका जमा कराने के लिए काउंटर पर लगाया गया था।
इस दौरान शिक्षा क्षेत्र के जूनियर विद्यालयों के 12 व प्राथमिक विद्यालय के 125 शिक्षक-शिक्षिकाओं व समायोजित शिक्षामित्रों से सेवा पुस्तिकाएं भर कर जमा कराई गईं।