गोंडा। बरसात के बाद पड़ रही भीषण गर्मी व उमस में बिजली ने भी उपभोक्ताओं के साथ आंख मिचौली शुरू कर दिया है। बार-बार हो रही ट्रिपिंग व ओवरलोडिंग से लोग गर्मी से बिलबिलाते रहते हैं। वहीं अस्पतालों में मरीजों को गर्मी से हलकान होना पड़ रहा है। अभियंता उपभोक्तओं का कॉल नहीं रिसीव करते तो लाइनमैन मनमाने ढंग शटडाउन लेते रहते हैं। ग्रामीण इलाकों में बमुश्किल पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पाती है।
विद्युत वितरण खंड मनकापुर के दर्जनों उपकेंद्रों से मिलने वाली विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बिल्कुल ध्वस्त हो चुकी है। करीब एक सप्ताह से हो रही अघोषित बिजली कटौती ने खंड के करीब दस लाख उपभोक्ताओं की नींद उड़ा दी है। पावर कारपोरेशन का बिजली आपूर्ति का शेड्यूल फेल हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में बमुश्किल पांच से छह घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पाती है।
इटियाथोक उपकेंद्र अंतर्गत कठौवा निवासी अधिवक्ता अजय तिवारी ने मुख्य अभियंता से शिकायत करते हुए बताया कि बिजली के अघोषित कटौती से क्षेत्र के लोग बहुत परेशान हैं। शनिवार को 24 घंटे में करीब 60 बार बिजली कटौती हुई है। जेई पवन कुमार कभी भी उपभोक्ताओं का फोन रिसीव करना उचित नहीं समझते।
संविदा पर काम कर रहे लाइनमैन गांवों में वसूली के चक्कर में मनमाने ढंग से शटडाउन लिया करते हैं। जिससे उपभोक्ता को समस्या होती है। खरगूपुर फीडर के लाइन मैन के शटडाउन लेने के बाद मोबाइल बन्द कर लिया गया। जिससे लगभग डेढ़ घंटा विद्युत उपकेंद्र का एक फीडर बंद रहा।
जब फीडर से संबंधित लाइनमैनों को फोन किया गया तो सभी लाइनमैनों की मोबाइल बन्द मिला। जिससे विद्युत उपभोक्ताओं में काफी रोष है।खरगूपुर विद्युत उपकेन्द्र अंतर्गत चार फीडर संचालित हैं। जिसमें खरगूपुर टाउन,देवतहा,साउथ व विशुनापुर फीडर शामिल है।
यहां विशुनापुर फीडर अन्तर्गत चार लाइन मैन कार्यरत हैं। जहां पर लाइन मैन की लापरवाही से आये दिन खासकर रात में विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। ग्रामीण नशीर, गोपाल, शुकदेव तिवारी, अर्जुन सिंह, बाबू राम गोस्वामी,राम नरेश गोस्वामी,बाबूराम सोनकर,उमानाथ सहित दर्जनों विद्युत उपभोक्ताओं का आरोप है कि विशुनापुर फीडर अंतर्गत लाइन मैन संजय तिवारी की मनमानी पूर्ण रवैये के चलते पूरे फीडर के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की रात शिवसहाय पुरवा के पास विद्युत लाइन में कोई फाल्ट आ गया था । जिसको सही करने के लिए उन्होंने विद्युत उपकेन्द्र खरगूपुर से शटडाउन लिया और बिना शटडाउन वापस किये ही मोबाइल बन्द कर लिया। विद्युत विभाग के एसडीओ सन्दीप यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मुझे नहीं मिली है फिर भी ऐसा है तो जाँच कराकर कार्रवाई की जायेगी।