गोंडा। बखरौली गांव के पास प्रधानमंत्री मार्ग पर स्थित किराना की दुकान की पिछली दीवार में मंगलवार की देर रात सेंध काटकर अंदर घुसे चोरों ने दस हजार नकदी व एक लाख के सामान पार कर दिए। बुधवार की सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी हुई।
थाना छपिया क्षेत्र के महमूदपुर गांव के रहने वाले शिवम मिश्रा ने बताया कि छपिया थाने से एक किलोमीटर की दूरी पर प्रधानमंत्री मार्ग पर बखरौली गांव के पास उसकी किराने की दुकान है।
मंगलवार की रात नौ बजे दुकान बंद करके अपने गांव महमूदपुर चला गया था। बुधवार की सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा और दुकान खोली तो चोरी का पता चला।
शिवम मिश्रा ने बताया कि दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर दुकान के अंदर घुसे चोरों ने काउंटर तोड़कर उसमें रखी दस हजार नकदी व दाल, तेल, सूखा मेवा, पान मसाला सहित लगभग एक लाख का किराना का सामान चुरा ले गए। थानाध्यक्ष छपिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर उप निरीक्षक व पुलिस फोर्स को मौके पर भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।