गोंडा। खोड़ारे थाना क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर एक साल बाद पांच वर्षीया मासूम बच्ची का शव कब्र खोदकर निकाला गया। उसका शव कंकाल में तब्दील हो गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
खोड़ारे थाना क्षेत्र के झिल्लू डीह दौलतपुर ग्रंट निवासी रामनरेश की काजल (5) का शव गांव में स्थित तालाब में एक वर्ष पूर्व मिला था। गांव वालों के कहने पर शव बिना पोस्टमॉर्टम कराए दफना दिया गया था। बाद में उसकी हत्या करने की बात सामने आई। बालिका की मां इंद्रावती ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया था।
इंद्रावती ने बताया कि उस समय गांव वालों के दबाव में शव को दफना दिया गया था। बालिका की मां ने हत्या का आरोप लगाकर गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बालिका की मां ने न्यायालय में वाद दायर किया। न्यायालय ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के आदेश के साथ ही कब्र को खोदवाकर शव का पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश दिया था। इंद्रावती का कहना है कि गांव के कुछ लोगों से रंजिश के चलते उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई थी। बुधवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम ने पहुंचकर कब्र खोदवाकर शव को निकलवाया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष खोड़ारे महेन्द्र सिंह ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच कर लिया गया, तफ्तीश शुरू कर दी गई है। संवाद