फोटो-8-गोंडा के परसपुर ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत की बैठक में मौजूद लोग। -संवाद
- फोटो : GONDA
परसपुर (गोंडा)। प्रदेश और जिले से भी बेहतरीन व गुणवत्ता परक एक बड़ा मीटिंग हाल बहुत जल्द ही ब्लॉक मुख्यालय पर बनवाया जाएगा। सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। वर्तमान में ग्राम प्रधानों की सबसे बड़ी समस्या ईंट, गिट्टी, सरिया व सीमेंट आदि मैटेरियल का महंगा होना है। शासन को पत्र लिखकर तथा जिलाधिकारी से मिलकर बात की जाएगी।
यह बातें गुरुवार को क्षेत्र पंचायत परसपुर की बैठक में मुख्य अतिथि करनैलगंज के विधायक अजय सिंह ने कही। कहा कि जो 42 ग्राम पंचायतों में आवास रुके हैं, उस पर ग्राम विकास विभाग के मंत्री से मिलकर पुन: याद दिलाया जाएगा। पेंशन के लिए दिशा की बैठक में मुद्दा उठाया जा चुका है। आंगनबाड़ी भवन, खाद्यान्न गोदाम, पशु अस्पताल, ब्लॉक परिसर का कायाकल्प, वॉटर कूलर व टायलेट आदि बनवाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रियंका सिंह ने की। बैठक में राष्ट्रीय आजीविका मिशन योजना, मनरेगा योजना, कायाकल्प योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम, वृद्धा, निराश्रित महिला, दिव्यांग पेंशन पर विचार, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण योजना सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रस्ताव दिया। बीडीओ वर्षा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।