-दीवानी न्यायालय के गेट पर धरना प्रदर्शन कर जताया विरोध
-शनिवार और सोमवार को भी कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे अधिवक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। मनकापुर तहसील में ग्राम न्यायालय स्थापना के विरोध व अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर अधिवक्ता आंदोलित चल रहे थे। इसी दौरान करनैलगंज तहसील में ग्राम न्यायालय की स्थापना कर दी गई। इस पर शुक्रवार को अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय के गेट नंबर दो पर धरना देकर प्रदर्शन किया और वादकारियों को अंदर जाने से रोक दिया। इससे कोर्ट परिसर में सन्नाटा पसरा रहा।
करनैलगंज तहसील में ग्राम न्यायालय की स्थापना व दीवानी न्यायालय में विचाराधीन मुकदमों की पत्रावलियों को ग्राम न्यायालय को भेजे जाने के विरोध में मुख्यालय के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को कलमबंद हड़ताल शुरू की। दीवानी न्यायालय के गेट नंबर दो पर धरना प्रदर्शन किया। जिससे अधिवक्ता और वादकारी न्यायालय परिसर में नहीं जा सके। वकीलों के आंदोलन के चलते लखनऊ से विकास भवन मार्ग पर जाम लगा रहा। वक्ताओं ने कहा कि शनिवार और सोमवार को भी सुबह 10 बजे से अपरान्ह ढाई बजे बजे तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। सभा की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संगमलाल द्विवेदी व संचालन बार एसोसिएशन के महामंत्री चंद्रमणि तिवारी व सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश नारायण पांडेय ने किया। धरना स्थल पर हुई सभा को पूर्व अध्यक्ष माधवराज मिश्र, दीनानाथ त्रिपाठी, बिंदेश्वरी दूबे, केके मिश्रा, पूर्व महामंत्री इंद्रमणि शुक्ल, अनिल सिंह, राम बुझारथ द्विवेदी, चारुचंद्र मिश्रा समेत दर्जनों अधिवक्ताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर पाटेश्वरीदत्त पांडेय, विनय कुमार मिश्र, श्रीकांत पांडेय, मनोज कुमार सिंह, विनय मिश्र, दिनेश कुमार मौर्य, भगौती प्रसाद पांडेय आदि मौजूद रहे।