गोंडा। स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिसमें 9 अगस्त को आयोजित होने वाले आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण स्वतंत्रता दिवस का आयोजन सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर सभी कार्यालयों, भवनों आदि पर निर्धारित समय पर ध्वजारोहण होेगा। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मनाने का निर्देश दिया। सीमित व आवश्यक कार्यक्रमों का आयोजन किये जाने की हिदायत दी, अनावश्यक भीड़-भाड़ इकट्ठा करने वाले कोई कार्यक्रम आयोजित न किये जायें। सरकारी भवनों पर सुबह आठ बजे झंडारोहण किए जाने के साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यालयों में उपस्थिति लिए जाने और समारोह में प्रतिभाग करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस पर 14 व 15 अगस्त को सभी सरकारी भवनों पर सजावट किये जाने का निर्देश दिया। 14 अगस्त की सुबह से शहर व मलिन बस्तियों की साफ सफाई करायी जाये। समस्त विभागाध्यक्षों को 10 से 13 अगस्त तक अपने-अपने आफिस में पर्यवेक्षक नियुक्त करते हुए आफिस व परिसर में अभियान चलाकर सफाई, सैनिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने डीपीआरओ तथा नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं व प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई करा दें। अमृत महोत्सव के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी नामित करते हुए सभी शहीद स्मारकों, स्थलों सहित गांवों में कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति के स्लोगन के साथ प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में सीडीओ शशांक त्रिपाठी, एडीएम राकेश सिंह, एएसपी शिवराज, एसडीएम सदर सूरज पटेल, नगर मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, सीएमओ डॉ. आरएस केसारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। संवाद