फोटो-6-गोंडा के मनकापुर में अतिक्रमण हटाती जेसीबी। -संवाद
- फोटो : GONDA
मनकापुर (गोंडा)। उपजिलाधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती की अगुवाई में मंगलवार को रेलवे क्रॉसिंग से चौक बाजार समेत कई जगहों से अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत शिवम् द्विवेदी के साथ नगर पंचायत के कर्मचारियों व पुलिस की संयुक्त टीम जेसीबी के साथ रेलवे क्रॉसिंग से कस्बे के मुख्य मार्ग व चौक बाजार में नाली तक का अतिक्रमण हटाया गया।
मंगलवार को पुलिस टीम को देखते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारी स्वयं अतिक्रमण हटाने लगे। कस्बा में नाली के ऊपर रखी एक ढाबली को जेसीबी से ढहा दिया गया। छिटपुट अतिक्रमण मिलने पर एसडीएम व सीओ ने व्यापारियों की सराहना की। एसडीएम ने नगरवासियों से अपील किया कि लोग अपने-अपने घरों व दुकानों के सामने बनी नाली को ढकने के लिए लोहे की फोल्डिंग जाली लगवा लें। सफाई कर्मियों को साफ-सफाई करते समय कठिनाई न हो। बाहर छाजन के लिए टीन शेड भी नाली में होनी चाहिए। ऐसा न करने पर कार्यवाही की जाएगी।
अतिक्रमण अभियान रेलवे क्रॉसिंग से चौक बाजार व लोहिया बाजार तक सीमित रहा। इस मौके पर सीओ संजय तलवार, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय, एसआई रामदेव, नगर पंचायत वरिष्ठ लिपिक राजू सिंह, अशोक सिंह मौजूद रहे।