गोंडा। दहेज की मांग पूरी न होने पर बिछिया डाड़ गांव की रहने वाली एक विवाहिता को ससुराल वालों ने मार डाला। सूचना में पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में विवाहिता के पिता ने थाना खोड़ारे में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बस्ती जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अभयपुरा के रहने वाले ध्रुव सिंह ने गोंडा जनपद के थाना खोड़ारे में मंगलवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उन्होंने अपनी बेटी गोल्डी सिंह 28 की शादी ढाई साल पहले गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र के बिछिया डाड़ गांव के रहने वाले राम सिंह के बेटे विनय कुमार सिंह के साथ की थी।
गोल्डी के पिता ध्रुव सिंह का आरोप है कि ससुराल वाले उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते थे। आरोप है कि ससुुराल वालों ने दहेज न मिलने के कारण उसकी बेटी की सोमवार की रात हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष खोड़ारे महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गोल्डी के पिता ध्रुव सिंह की तहरीर पर पति विनय कुमार सिंह, ससुर राम सिंह व सास के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।