गोंडा। प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के तहत अभियान चलाकर पंजीकृत करीब 40 हजार अंत्योदय कार्ड धारकों का गोल्डन कार्ड बनाया जाएगा। पांच जुलाई से 20 जुुलाई तक आयुष्मान पखवाड़े के तहत टीमें गांवों में जाकर कार्ड बनाएंगी। योजना के तहत जिले के 64 हजार 761 लाभार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें करीब 40 हजार परिवार गोल्डन कार्ड से वंचित हैं।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का दायरा बढ़ाकर अंत्योदय कार्ड धारकों को सम्मलित किया गया। करीब 40 हजार परिवारों में किसी भी सदस्य का कार्ड नहीं बना है। गोल्डन कार्ड में प्रगति लाने के लिए आयुष्मान पखवाड़ा के तहत अभियान चलाकर लाभार्थियों का कार्ड बनाया जाएगा। योजना के जिला समन्वयक डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि पखवाड़े में राशन वितरण की दुकानों सहित विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। आशा कार्यकर्ता लाभार्थियों को शिविर की जानकारी देंगी। शिविर के अलावा जनसेवा केंद्रों पर निशुल्क कार्ड बनाया जाएगा। (संवाद)