गोंडा। शांति मनोरम तपोवन झालीधाम आश्रम में कार्तिक शुक्ल पक्ष अक्षय नवमी पर परिक्रमा व मेले में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ी। प्रसिद्ध झालीधाम आश्रम के महंत नरसिंह दास जी महाराज की अगुवाई में शनिवार को सुबह मंदिर से भगवान श्रीराम, सीता जी व स्व. स्वामी राम मिलन दास जी की पूजा अर्चना हुई। इसके साथ ही लोगों ने परिक्रमा किया। नगर पंचायत खरगूपुर सहित आस-पास ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच के श्रद्धालु जुटे।
आश्रम में महंत नरसिंह दास महाराज ने लोगों को प्रवचन से पौराणिक कथाएं सुनाई। वहीं स्व. स्वामी राम मिलन दास महाराज की समाधि पर श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर मन वांछित फल की कामना की। पांच किलो मीटर दूरी की परिक्रमा में शामिल श्रद्धालु श्रीराम, जय राम, जय-जय राम का उद्घोष करते रहे।
मेले में लगी विभिन्न प्रकार की दुकानों पर खासकर महिलाओं व बच्चों ने अपने-अपने जरूरत के सामानों की खरीदारी की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से क्षेत्रीय विधायक विनय द्विवेदी, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ ओ पी मिश्र, जिला महामंत्री भाजपा आशीष त्रिपाठी, राकेश तिवारी, हियुवा अध्यक्ष शारदाकांत पांडेय, राम मनोहर तिवारी, धर्मेंद मिश्र, रविंद्र कश्यप, सुधीश पांडेय, संजीव गुप्ता, हरिशंकर तिवारी, रिंकू बाबा, संतोष पांडेय आदि रहे।
परिक्रमा की शुरुआत होने के उपरांत आश्रम के महंत नरसिंह दास महाराज सहित अन्य धर्म गुरुओं का स्वागत हुआ। सामाजिक संस्था अभिलाख फाउंडेशन के संरक्षक व सुलह अधिकारी रसिक बिहारी तिवारी, राजीव तिवारी, अतुल तिवारी, अनिरुद्ध पांडे, जगदीश तिवारी, शिवकुमार, बृजेश तिवारी आदि ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं परिक्रमा में शामिल लोगों को संस्था द्वारा फल का वितरण किया गया।
आश्रम में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। मंदिर में परिक्रमा समापन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा देर सायं तक तक चलता रहा। झांकी निकाली गयी।
परिक्रमा कार्यक्रम व मेला के अवसर पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान व भोलेनाथ की झांकी निकाली गयी। जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। छोटे छोटे बाल कलाकारों के द्वारा निकाली गयी झांकियों की श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की।
परिक्रमा व मेला की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 100 पुलिसकर्मी लगे रहे। मेले व परिक्रमा की सुरक्षा व्यवस्था में प्रभारी निरीक्षक सतानंद पांडेय ने बताया कि मुख्य गेट, मन्दिर परिसर, परिक्रमा जुलूस के साथ सहित अन्य स्थानों पर दो प्रभारी निरीक्षक लगे रहे। इसके साथ ही उपनिरीक्षक अनंत कुमार, दिवाकर मिश्र, राम निवास प्रसाद, हरिद्वार तिवारी, शम्भूनाथ यादव सहित नौ उपनिरीक्षक, शशांक शेखर यादव सहित 16 मुख्य आरक्षी, सोमपाल मौर्य, मनोज यादव, नागेंद्र यादव, सुबेंद्र सिंह, महिला-पुरुष आरक्षियों व गार्डों के साथ ही 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।