गोंडा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संचालित स्कूलों में कई अहम बदलाव हुए हैं। छात्रों की सुविधा के साथ ही कोरोना महामारी के मद्देनजर बोर्ड ने नई व्यवस्था लागू की है। जिले के एक दर्जन स्कूलों में पढ़ने वाले करीब चार हजार छात्रों को बोर्ड के नये नियमों से अब पढ़ाई करनी होगी और परीक्षा देनी होगी। माना जा रहा है कि बोर्ड अब आगे किसी भी आपात संकट के समय भी पढ़ाई की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रयास कर रहा है। सीबीएसई बोर्ड में नई व्यवस्था लागू होने के उम्मीद जताई जा रही है कि यूपी बोर्ड भी जल्द ही कुछ बदलाव करेगा।
सीबीएसई बोर्ड ने कोरोना महामारी को ध्यान में रखकर 2021-22 शैक्षणिक सत्र में कई बदलाव किए हैं। कक्षा 10वीं और 12वीं के इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल भी दो भागों में आयोजित करेगा। इसमें टर्म-वन के लिए इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल परीक्षा अलग, वहीं टर्म- टू के लिए अलग परीक्षा होगी। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी मार्किंग स्कीम और शेड्यूल के मुताबिक प्रत्येक साल कक्षा दसवीं के लिए इंटरनल असेसमेंट की कुल 20 अंकों की होता है। इस वर्ष टर्म- वन के लिए 10 अंक और टर्म- टू के लिए 10 अंक की परीक्षा होगी। वहीं बारहवीं कक्षा में थ्योरी 70 अंक और प्रैक्टिकल परीक्षा 30 अंक की होती है। इसलिए प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट को 15-15 अंकों में टर्म- वन और टर्म- टू में बांटा जाएगा। स्कूलों में अब ऐसे ही परीक्षाओं का आयोजन होगा, इसी के साथ पढ़ाई भी इसी निर्देश को ध्यान में रखकर कराया जाएगा।
स्कूलों को मिली मार्किंग स्कीम, कार्रवाई शुरू
बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर टर्म और चैप्टर वाइज शेड्यूल जारी किया है। स्कूलों को आनलाइन ही मार्किंग स्कीम मिल गई है। अभ्यर्थी टर्म वाइज सिलेबस देखने के लिए इस डायरेक्ट लिंक पर क्लिक कर सकते हैं। सैद्धांतिक परीक्षा की तरह प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट का भी शेड्यूल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी है। साथ में प्रैक्टिकल की मार्किंग स्कीम सभी सीबीएसई विद्यालयों को भेज दी गई है। जिससे स्कूलों में उसी के आधार पर मार्किंग करनी है। रघुकुल विद्यापीठ के निशांत श्रीवास्तव का कहना है कि बोर्ड के निर्देश पर ही प्रक्रिया की जा रही है।
कंपार्टमेंट परीक्षा में पुर्नमूल्यांकन के आवेदन का समय पूरा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने वाले छात्र अब पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन का समय बुधवार को पूरा हो गया है। सीबीएसई कक्षा-12 वीं के अंकों का सत्यापन आज से शुरू होगा। उम्मीदवार सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर 4 से 6 अक्टूबर (रात 11.59 बजे) तक अंकों के सत्यापन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कक्षा-12 वीं कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम 30 सितंबर को घोषित किया गया था। सुधार परीक्षा 25 अगस्त से 15 सितंबर 2021 तक आयोजित हुई थी। अब जल्द ही पुर्नमूल्यांकन के आवेदन पर आगे की कार्रवाई होगी।