गोंडा। विधानसभा चुनाव में परिणाम के इंतजार की घड़ी अब खत्म हो गई है। चंद घंटे बाद से परिणाम के रुझान मिलने लगेंगे और दोपहर तक हमारे नुमाइंदों की तस्वीर साफ हो जाएगी। शाम से पहले गुरुवार को नुमाइंदे तय हो जाएंगे। मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी, और वह पूरी होने तक चलती रहेगी। ईवीएम से गणना होने के साथ निर्वाचन आयोग के इनकोर एप पर गणना फीड होने से दोपहर तक तस्वीर साफ होते दिखेगी। इनकोर एप का प्रयोग पहली बार हो रहा है, इससे कई तरह के कागजी झंझट खत्म रहेंगे। शाम से पहले गणना पूरी होने की उम्मीद है।
सातों विस चुनाव के मतों की गणना सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। इसके लिए हर क्षेत्र में 14-14 काउंटर तय किए गए हैं। जिले में सबसे कम बूथ 379 गौरा विस क्षेत्र में है, यहां की गणना 27 राउंड में पूरी होगी। इससे यहां का परिणाम सबसे पहले घोषित होना तय है। सबसे ज्यादा 458 बूथ कटरा बाजार विस. में है। यहां की गणना में 33 राउंड होगा। इसी के साथ ही मेहनौन में भी 452 बूथ हैं, यहां भी 33 राउंड की गणना होगी। मेहनौन और कटरा बाजार की गणना एक साथ पूरी हो सकती है। इसके अलावा अन्य विस मं 28 से 31 राउंड गणना होनी है। माना जा रहा है कि पूरे जिले की गणना 33 राउंड में पूरी हो जाएगी। विस. चुनाव के गणना के दौरान पूरी सर्तकता रहेगी। हर राउंड के गणना का एनाउंस करने के साथ ही एजेंटों को जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा इनकोर एप पर अपलोड होने से अधिकारिक रूप से हर चरण के चंद मिनटों में ही रिपोर्ट उपलब्ध होगी। जिससे 10 राउंड के बाद से ही तस्वीर साफ होते दिखेगी। सातों विधानसभाओं की ईवीएम की मतगणना कुल 98 टेबलों पर होगी। पोस्टल बैलेट के लिए विधानसभावार अलग से टेबलें बनाई जा रही हैं। मतगणना के लिए रिजर्व पार्टियों सहित कुल 161 पार्टियां रहेंगी, जिनमें 133 पार्टियां ईवीएम की मतगणना व 28 पार्टियां मतपत्र की गणना के लिए होगीं। एक-एक टेबल रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर के बनाई जा रही हैं। मतगणना कार्य में 644 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
644 कर्मचारी कराएंगे मतगणना, पोस्टल बैलेट के लिए अलग रहेगी टेबल
विधानसभा चुनाव में सातों विस क्षेत्रों के मतों की गणना गुरुवार को को नवीन गल्ला मंडी में होगी। इसकी तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। 14 काउंटरों में मतों की गणना होगी। प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली है। इसके लिए 644 मतगणना कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं पोस्टल बैलेट के लिए अलग से काउंटर बनाए गए हैं। जिससे मतों की गणना समय से पूरी हो सके। मतों की गणना में सबसे पहले गौरा विस का परिणाम आएगा। गौरा पर सभी की निगाहें भी टिकी हैं। विस क्षेत्रों के परिणाम की तस्वीर दोपहर बाद से साफ होने लगेगी। माना जा रहा है कि दोपहर दो बजे तक परिणाम तय हो जाएंगे।
कटरा में सबसे अधिक राउंड भी और सबसे अधिक मतदाता भी
जिले की सातों विस. सीटों के लिए मतदान में सबसे अधिक वोट कटरा बाजार में पड़े हैं। कटरा में 234143 मतदाताओं ने वोट डाला है। सातों विस सीटों पर 1405684 मतदाताओं ने मतदान किया है। कटरा में सबसे अधिक मतदान हुआ है, जिससे अधिक समय लगेगा। इसके अलावा 172175 मतदाताओं ने गौरा विस क्षेत्र में मतदान किया है। इससे गौरा विस के परिणाम सबसे पहले आने की उम्मीद है। इसके साथ ही मनकापुर विस क्षेत्र का परिणाम भी गौरा के बाद ही आने की उम्मीद है। यहां 182564 मतदाताओं की गणना होनी है। दोनों विस. क्षेत्र में मतों का अंतर कम है। बताया जा रहा है कि गणना की तैयारी ऐसी है कि जल्द से जल्द परिणाम तय कर दिए जाएं।
विधानसभावार पड़े मत
विस - कुल हुआ मतदाता - बूथ - राउंड
मेहनौन - 213663 - 252 - 33
गोंडा - 199105 - 429 - 31
कटरा बाजार - 234143 - 458 - 33
करनैलगंज - 193185 - 391 - 28
तरबगंज - 210849 - 423 - 30
मनकापुर- 182564 - 386 - 28
गौरा - 172175 - 379 - 27
विजय जुलूस पर रहेगा प्रतिबंध, नहीं कर मचा सकेंगे धूम
विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम आने पर जीतने वाले प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। किसी तरह की भीड़ जुटाकर धूम धड़ाका करने पर रोक रहेगी। विवाद की स्थितियों पर अंकुश के लिए पूरे जिले की पुलिस सतर्क रहेगी।