गोंडा के रगड़गंज बाजार में लगा जाम।
- फोटो : GONDA
गोंडा। अतिक्रमण के कारण रगड़गंज बाजार में हर रोज चौराहे पर जाम लगा रहता है। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम को लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है। कस्बे के लोगों ने इसकी शिकायत कई बार एसडीएम ने की। मगर सुनवाई न होने के कारण लोगों को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल रही है।
तहसील तरबगंज के 25 हजार आबादी वाले रगड़गंज बाजार में अतिक्रमण की समस्या कई साल से बनी हुई है। यहां एक साल पहले तत्कालीन एसडीएम राजेश कुमार ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया था। मगर एसडीएम का तबादला होने के बाद लोगों ने दोबारा अपनी दुकानों को सड़क तक लगाना शुरू कर दिया।
जिससे सड़क सकरी होने के कारण रगड़गंज चौराहे पर जाम लगा रहता है। सुबह से लेकर शाम तक यहां लोगों को हररोज जाम से जूझना पड़ रहा है। रगड़गंज बाजार का उमरी बेगमगंज मार्ग, परसपुर, व तरबगंज मार्ग पूरी तरह से अतिक्रमण की चपेट में है।
लोगों ने सड़क तक टिनशेड का छाजन कर लिया। इससे सड़क सकरी हो गई। दुकानों के आगे सब्जी व फलों के ठेलों के साथ पटरी दुकानदार दुकान सजा कर बैठ जाते हैं। इससे चौराहे पर जाम लग जाता है। सबसे अधिक समस्या तो मरीजों को सीएचसी लाने वाली एंबुलेंस के लिए है।
एम्बुलेंस के आने पर उसे सीएससी पहुंचने का रास्ता नहीं मिल पाता है। चौकी प्रभारी रगड़गंज कामेश्वर राय ने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए चौराहे पर सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। मगर अतिक्रमण के कारण सुबह व शाम को जाम की समस्या आती है।