गोंडा। मथुरा और फिरोजाबाद में डेंगू के आउटब्रेक की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सक्रिय करते हुए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। डीएम मार्कंडेय शाही ने बताया कि मथुरा जनपद में कुछ केस स्क्रब टाइफस के भी पाए गए हैं जिससे बच्चों एवं वयस्कों की मौत भी हुई है।
उन्होंने बताया कि डेंगू रोग के प्रभावी नियंत्रण के लिए पॉजिटिव पाए गए रोगियों के क्षेत्र में सोर्स रिडक्शन गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाएं। जिन क्षेत्रों में एक या अधिक डेंगू रोगी पाए जाते हैं, उस पूरे ग्राम क्षेत्र एवं मोहल्ले में टीम भेजकर जल संग्रहित सभी पात्रों को खाली कराते हुए प्रजनन स्रोतों को समाप्त कराया जाए। ऐसे स्रोतों जिनका संग्रहित जल हटाना संभव न हो तो ऐसी स्थिति में चिह्नित स्रोतों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए।
प्रत्येक पुष्ट डेंगू रोगी के घर एवं आसपास के 50 घरों में पाइरिथ्रम का छिड़काव कराये जाने, एक्टिव केस सर्च, सोर्स रिडक्शन, जन सामान्य को डेंगू के प्रति जागरूक किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। घरों में कूलर, फ्रिज व गमलों इत्यादि में जमे जल को साफ करवाने के भी निर्देश हैं। संवाद