गंगरौली गांव में दहेज में सोने की चेन व अंगूठी नहीं मिली तो ससुराल वालों ने महिला को मार डाला और उसका शव घर के एक कमरे में छत के हुक से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में महिला के चाचा ने थाना उमरी बेगमगंज में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बस्ती जनपद के छावनी थाना क्षेत्र के सरभंगा गांव के रहने वाले अनिल सिंह ने थाना उमरीबेगमगंज में शुक्रवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी भतीजी शैलसुता सिंह (24) की शादी पांच साल पहले गोंडा जनपद के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के गंगरौली गांव के रहने वाले अजय कुमार सिंह के साथ की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज में सोने की चेन और अंगूठी की मांग करने लगे। ससुराल वाले इसके लिए शैलसुता को प्रताड़ित करते थे। जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल वालों ने गुरुवार देर रात शैलसुता सिंह को मार डाला और उसका शव घर के एक कमरे में छत के हुक से दुपट्टे के सहारे फंदे लटका दिया।
अनिल सिंह के मुताबिक शैलसुता के ससुराल के गांव वालों से फोन पर मिली सूचना के बाद जब वह भतीजी की ससुराल पहुंचा तो उसका शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में अनिल कुमार सिंह ने थाना उमरी बेगमगंज में पति अजय कुमार सिंह, ननद गुड़िया सिंह, देवर रामगोपाल सिंह व देवरानी प्रिया सिंह के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज उमेश बाजपेई ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।