बाइक नहीं मिली तो विवाहिता को मार डाला
नवाबगंज गोंडा। थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में मंगलवार की देर रात दहेज में बाइक नही मिलने पर दहेज लोभियों ने एक विवाहिता की हत्या कर उसका शव कमरे में छत के कुंडे से लटका कर ससुरालीजन घर से फरार हो गए।
जानकारी मिलने पर गांव के लोगों ने शव को नीचे उतारा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में विवाहिता के पिता ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के झिलाही बाजार के बिशुनपुर गांव के रहने वाले रहमान के मुताबिक उसने वर्ष 2012 में अपनी बेटी रुखसाना (27) का विवाह नवाबगंज थाना क्षेत्र के पिपरी गांव के रहने वाले वसीम के साथ किया था। रहमान ने बताया कि निकाह के समय उसने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था मगर रुखसाना का पति दहेज में बाइक की मांग कर रहा था।
बाइक न मिलने से वह अक्सर रुखसाना का मारता पीटता और प्रताड़ित करता था। कई बार इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में पंचायत भी हो चुकी थी। रहमान ने बताया कि 15 दिन पहले ही समझौता करने के बाद वसीम रुखसाना को विदा कराकर ले गया था।
आरोप है कि मंगलवार की देर रात वसीम व उसके परिवार वालों ने मिलकर रुखसाना की हत्या कर दी और उसका शव कमरे में लगे कुंडे से लटका दिया। रहमान ने बताया कि रात में ही उसे रुखसाना की मौत की सूचना दी गई। जब वह अपने परिवार वालों के संग रुखसाना के ससुराल पहुंचा तो उसके ससुराल पक्ष के लोग फरार मिले। रु
खसाना के शव को ग्रामीणों ने कुंडे से उतारकर फर्श पर रख दिया था। ग्राम प्रधान दुर्जनपुर पिपरी महेश मिश्रा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में मृतका के पिता रहमान ने उसके पति मो वसीम के अलावा उसके देवर राहुल, अफजल व अफसर समेत उसकी सास व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ ने किया निरीक्षण
गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में मंगलवार की रात विवाहिता की हत्या की सूचना पर तरबगंज के क्षेत्राधिकारी ब्रम्हा सिंह ने पिपरी गांव जाकर घटनास्थल का मुआयना किया और मृतका के मायके वालों व गांव के अन्य लोगों से घटना की जानकारी ली। सीओ ने नवाबगंज पुलिस को आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।