ट्रांसपोर्टर से रंगदारी मांगने में दो के खिलाफ केस
एक भाजपा विधायक के करीबी बताए जा रहे आरोपी
अमर उजाला ब्यूराूे
गोंडा। कोतवाली नगर क्षेत्र के रने वाले एक ट्रांसपोर्टर व विद्यालय के प्रबंधक ने शुक्रवार को दो लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर लिया है। रंगदारी मांगने के दोनो आरोपी जिले के एक भाजपा विधायक के करीबी बताए जा रहे हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी उपेंद्र सिंह ट्रांसपोर्टर हैं। इसके अलावा उनका एक विद्यालय भी आवास विकास कॉलोनी में संचालित हो रहा। उपेंद्र के मुताबिक नवाबगंज कस्बे के रहने वाले दो लोग पिछले काफी समय से उससे रंगदारी मांग रहे और फ्रेंचाइजी छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। उपेंद्र ने बताया कि वह गुरुवार की शाम को नवाबगंज स्थित अपने गोदाम पर ट्रक से आने वाले सामान को उतरवा रहे थे इसी बीच रंगदारी मंागने वाले दोनों आरोपी आ धमके और उन्हें सामान उतारने से रोक दिया। इसके बाद उन्हें अपना सामान बस्ती ले जाकर उतारना पड़ा। उपेंद्र का कहना है कि इसके बाद उन्हे नवाबगंज की फ्रेंचाइजी को छोड़ने व जान से मारने की धमकी दी गई। उपेंद्र के मुताबिक दोनों आरोपी एक भाजपा विधायक के करीबी हैं और उन्हीं के इशारे पर उसे परेशान किया जा रहा है। उपेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेडी सिंह व रज्जन के खिलाफ रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि इस मामले में नामजद किए गए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।