एसयूवी-कार की टक्कर में दामाद की मौत, ससुर घायल
-गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा
बलरामपुर। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार एसयूवी तथा कार की आमने-सामने हुई टक्कर में दामाद की मौत हो गई तथा ससुर गंभीर रूप से घायल है। ससुर को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
नगर के टेढ़ी बाजार निवासी इंद्रदेव पांडेय उर्फ गोले पांडेय (45) लखीमपुर स्थित बाढ़ खंड शारदा नगर में वरिष्ठ लिपिक है। यहीं पर बलरामपुर नगर के मोहल्ला पूरब टोला निवासी गोले पांडेय का दामाद अनुराग तिवारी (28) भी लिपिक है। गुरुवार रात ससुर-दामाद कार से बलरामपुर आ रहे थे। बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र स्थित एसएसबी 9वीं वाहिनी मुख्यालय के सामने इन लोगों की कार सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी से टकरा गई। घटना में दोनों लोग घायल हो गए। दोनो लोगों को इलाज के लिए लखनऊ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार दोपहर में अनुराग तिवारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। गोले पांडेय की हालत गंभीर बनी हुई है।